Loading...

Himachal Snowfall: हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, पहाड़ों पर शुरू हुआ बर्फबारी का दौर..

SAPNA THAKUR • 14 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में आज एक बार फिर से मौसम ने करवट बदल ली है और पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है। इसके अलावा प्रदेश के कई क्षेत्रों में सुबह से ही हल्की बूंदाबांदी हुई जिससे तापमान में गिरावट आई है। बता दें, मौसम विभाग ने प्रदेश में 2 दिन बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया था।

इसी बीच आज मौसम ने करवट बदली और बारिश सहित बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। रविवार शाम से रोहतांग, कुंजम, शिंकुला व बारालाचा दर्रों सहित चंबा के पांगी, भरमौर में भारी हिमपात का दौर लगातार जारी है जिससे कड़ाके की ठंड पड़ गई है। इतना ही नहीं भारी हिमपात के कारण जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है और सड़कों पर वाहनों के पहिए थम गए हैं।

उधर, मौसम विभाग ने आज चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी, कुल्लू, शिमला, सिरमौर किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया है। ऊंचे क्षेत्र में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान जताया गया है।