Himachal Utsav / सोलन के ठोडो मैदान में 4 अक्टूबर से शुरू होगा आठ दिवसीय आयोजन
Himachal Utsav / सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में 22वां हिमाचल उत्सव 4 से 11 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। डायनामिक इंडिया युवा मंडल के इस आठ दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, शॉपिंग मेला, फूड फेस्टिवल और ग्रामीण खेल प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजकों के अनुसार, देशभर के ग्रामीण दस्तकार और कुटीर उद्योग अपने उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री करेंगे, जबकि कबड्डी और ठोडा की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
सोलन
उत्सव का उद्घाटन 4 अक्टूबर को होगा। आयोजकों ने बताया कि उद्घाटन समारोह में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन नरदेव कंवर तथा गोयल मोटर्स के सीईओ एवं लाइव टाइम्स टीवी के चेयरमैन सहज गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन में संस्कृति, कारोबार, खान-पान और मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
पहली सांस्कृतिक संध्या युवाओं के नाम
हिमाचल उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या युवाओं को समर्पित रहेगी। इसमें सोलन जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के बीच सांस्कृतिक प्रतियोगिता कराई जाएगी। एलआर इंस्टीट्यूट, शूलिनी यूनिवर्सिटी, सिल्प, ग्रीन हिल्स इंजीनियरिंग कॉलेज, सोलन होम्योपैथिक कॉलेज और बाहरा यूनिवर्सिटी सहित करीब आधा दर्जन संस्थान प्रस्तुतियां देंगे। सांस्कृतिक संध्या में सारेगामापा से पहचान बनाने वाले गायक राजीव थापा मुख्य कलाकार होंगे। ज्योति बिष्ट और नरेंद्र नीतू भी प्रस्तुति देंगे।
22 वर्षों से हो रहा आयोजन
डायनामिक इंडिया युवा मंडल पिछले 22 वर्षों से सोलन में हिमाचल उत्सव आयोजित कर रहा है। संस्था की सामाजिक और युवा गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। वर्ष 2010 में नेहरू युवा केंद्र ने मंडल को सर्वश्रेष्ठ युवा मंडल पुरस्कार से सम्मानित किया था। संस्था के सदस्यों पंकज सूत, मुकेश शर्मा, कीर्ति कौशल, संजीव वर्मा, अंकुश सूद, मनोज ठाकुर, विशाल सूद और रिपुदमन ने बताया कि उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।