Loading...

सरकारी खरीद पर किसानों का बढ़ा भरोसा, 1221 किसानों से 4567.50 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 7 Hours Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष गेहूं की सरकारी खरीद को किसानों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। 1221 किसानों से 4567.50 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी गई और लगभग 11.80 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। समर्थन मूल्य में वृद्धि और समयबद्ध भुगतान से किसानों का भरोसा सरकारी खरीद व्यवस्था पर और मजबूत हुआ है।

शिमला

हिमाचल प्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद को किसानों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से 8 अप्रैल से 15 जून 2026 तक प्रदेश की नौ खरीद मंडियों में 1221 किसानों से कुल 4567.50 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी गई है। सरकार द्वारा समर्थन मूल्य में वृद्धि के बाद किसानों का सरकारी खरीद व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है।विभाग की आधिकारिक जानकारी के अनुसार खरीदी गई गेहूं के एवज में किसानों को लगभग 11.80 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। विशेष बात यह रही कि केवल दो किसानों को छोड़कर शेष 1219 किसानों को उनकी फसल का भुगतान किया जा चुका है।

प्रदेश सरकार ने इस वर्ष गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 160 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की। पिछले वर्ष किसानों को 2425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया था, जबकि इस बार 2585 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य मिला। इससे किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है और आगामी सीजन के लिए भी उत्साह बढ़ा है।विभाग के अनुसार इस वर्ष प्रदेशभर से 1621 किसानों ने पंजीकरण करवाया था। जांच प्रक्रिया के बाद 1592 किसानों को पोर्टल स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें से 1221 किसानों ने सरकारी खरीद केंद्रों पर अपनी उपज बेची।खरीद केंद्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो एपीएमसी पांवटा साहिब में सर्वाधिक 484 किसानों से 1563.45 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी गई। रियाली खरीद केंद्र, जिला कांगड़ा में 222 किसानों से 1200.35 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी गई।

इसी प्रकार नालागढ़ मार्केट यार्ड में 157 किसानों से 500 मीट्रिक टन, धौलाकुआं खरीद केंद्र में 156 किसानों से 414.50 मीट्रिक टन, रामपुर-ऊना क्षेत्र में 69 किसानों से 272.55 मीट्रिक टन तथा टकारला मार्केट यार्ड में 29 किसानों से 197.80 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी गई।कांगड़ा जिले के मिलवां खरीद केंद्र में 56 किसानों से 163.20 मीट्रिक टन, बद्दी खरीद केंद्र में 34 किसानों से 103.80 मीट्रिक टन तथा फतेहपुर अनाज मंडी में 14 किसानों से 52.10 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद दर्ज की गई।विभाग का मानना है कि समर्थन मूल्य में वृद्धि, समयबद्ध भुगतान और पारदर्शी खरीद व्यवस्था के कारण किसानों का रुझान सरकारी खरीद केंद्रों की ओर बढ़ा है। यही वजह रही कि इस वर्ष बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी उपज सीधे सरकारी केंद्रों पर बेचकर लाभ उठाया।

Related Topics: