चौकीमन्यार महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने सीखे एचआईवी से बचाव और जांच के उपाय
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संक्रमण से बचाव की जानकारी देने के लिए स्व-मूल्यांकन गतिविधि आयोजित की गई। रेड रिबन और आपदा प्रबंधन क्लब के संयुक्त आयोजन में विद्यार्थियों को एचआईवी से जुड़ी सही जानकारी, संक्रमण से बचाव के उपाय और समय पर जांच के महत्व से अवगत कराया गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र और उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से उपलब्ध करवाए गए जागरूकता पैम्फलेट विद्यार्थियों में वितरित किए गए। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई, ताकि वे भ्रांतियों से दूर रहकर सही तथ्यों को समझ सकें और इस जानकारी को दूसरे लोगों तक भी पहुंचा सकें।
ऑनलाइन स्व-मूल्यांकन में लिया भाग
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संबंधित वेबसाइट और क्यूआर कोड स्कैनर के माध्यम से ऑनलाइन स्व-मूल्यांकन प्रक्रिया में भाग लिया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी के प्रति जागरूक बनाने के साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना था। उनसे सही जानकारी परिवार और आसपास के लोगों के साथ साझा करने तथा संक्रमण से बचाव, समय पर जांच और जरूरी स्वास्थ्य सावधानियों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आग्रह भी किया गया।
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. कविता कौशल ने कहा कि जागरूकता एचआईवी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं सही जानकारी प्राप्त करने और परिवार व समाज में जागरूकता का संदेश फैलाने का आह्वान किया, ताकि एचआईवी से जुड़ी भ्रांतियां दूर हों और लोग स्वास्थ्य के प्रति सजग बनें। कार्यक्रम में इको क्लब, रेड क्रॉस क्लब और खेलकूद क्लब के सदस्यों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. रामकुमार नेगी, प्रो. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा और महाविद्यालय का कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को एचआईवी के प्रति सही जानकारी रखने, जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच का महत्व समझने का संदेश दिया गया। साथ ही उन्हें स्वस्थ, संवेदनशील और जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।