Loading...

HPRCA : भूगोल शिक्षक भर्ती का अंतिम परिणाम जारी, कॉमर्स सीबीटी में 359 अभ्यर्थी सफल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

HPRCA : हिमाचल राज्य चयन आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग में भूगोल शिक्षक भर्ती का अंतिम परिणाम और कॉमर्स शिक्षक भर्ती के कंप्यूटर आधारित टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। भूगोल शिक्षक के 99 पदों में से 97 पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। वहीं, कॉमर्स शिक्षक के 156 पदों के लिए आयोजित सीबीटी में उत्तीर्ण 359 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है। दोनों भर्ती परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाए गए हैं।

शिमला

आयोग ने भूगोल शिक्षक के 99 पद फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26027 के तहत कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की थी। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार इन पदों के लिए 332 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 268 परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के आधार पर 202 अभ्यर्थियों को दस्तावेज जांच के लिए चुना गया था। 11 और 12 अगस्त को दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद 97 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया।

पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण सामान्य वर्ग में स्वतंत्रता सेनानी परिजन के लिए आरक्षित एक पद और अनुसूचित जाति वर्ग में स्वतंत्रता सेनानी परिजन के लिए आरक्षित एक पद खाली रह गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित अंतिम परिणाम अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है।

कॉमर्स शिक्षक भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन

कॉमर्स शिक्षक के 156 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26020 के तहत सीबीटी आयोजित किया गया था। इन पदों के लिए 1,734 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया और 1,451 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। घोषित परिणाम में उत्तीर्ण 359 अभ्यर्थियों को 7 सितंबर को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। संबंधित अभ्यर्थियों को इसकी सूचना उनकी ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी।

दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, उनकी स्वयं सत्यापित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, डाउनलोड किए गए आवेदन पत्र की प्रति और पहचान प्रमाण साथ लाना होगा। आयोग के सचिव ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थी को दस्तावेज सत्यापन के लिए दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा।

Related Topics: