HPRCA: रेडियोग्राफर और ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट भर्ती के नतीजे जारी, सत्यापन कार्यक्रम तय
HPRCA: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने रेडियोग्राफर और ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट के पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। रेडियोग्राफर पद के 105 सफल उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन 15 सितंबर को होगा, जबकि ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट पद के 160 उम्मीदवारों को 14 सितंबर को बुलाया गया है। दोनों प्रक्रियाएं सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में शुरू होंगी।
हिमाचल प्रदेश
स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल शिक्षा विभाग में रेडियोग्राफर जॉब ट्रेनी के 58 पद पोस्ट कोड-26009 के तहत भरे जाने हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार इन पदों के लिए 337 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था और 302 उम्मीदवार सीबीटी में शामिल हुए। परीक्षा में सफल घोषित किए गए 105 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जा रहा है। परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
दस्तावेज सत्यापन का विस्तृत कार्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर भी सूचना दी जाएगी। आयोग अलग से बुलावा पत्र जारी नहीं करेगा। उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, स्वप्रमाणित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, डाउनलोड किए गए आवेदन पत्र की प्रति और पहचान पत्र साथ लाना होगा। निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवार को दस्तावेज सत्यापन के लिए दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा।
ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट के 160 उम्मीदवार सफल
आयोग ने ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट जॉब ट्रेनी के 236 पदों के लिए आयोजित सीबीटी का परिणाम भी घोषित किया है। ये पद पोस्ट कोड-26008 के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल शिक्षा विभाग में भरे जाने हैं। कुल 202 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 184 परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में सफल 160 उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगा।
ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट पदों के लिए दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम भी आयोग की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। सफल उम्मीदवारों को उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी के माध्यम से सूचना दी जाएगी और अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। आयोग ने उम्मीदवारों से वेबसाइट और ईमेल पर उपलब्ध सूचना के अनुसार निर्धारित समय पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित होने को कहा है।
