Electricity Bill / हिमाचल में बिजली उपभोक्ताओं को सलाह, भुगतान से पहले ऑनलाइन जांचें अप्रैल 2026 का बिल
Electricity Bill : हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड ने उपभोक्ताओं को अप्रैल 2026 के बिजली बिलों का भुगतान करने से पहले ऑनलाइन राशि जांचने की सलाह दी है। बोर्ड के अनुसार स्पॉट बिलिंग मशीन से जारी बिल और ऑनलाइन उपलब्ध बिल राशि में अंतर संभव है।
शिमला
स्पॉट बिल और ऑनलाइन बिल राशि में हो सकता है अंतर
हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए कहा है कि अप्रैल 2026 के बिजली बिलों में स्पॉट बिलिंग मशीन से जारी बिल और ऑनलाइन उपलब्ध सिस्टम जनरेटेड बिल की राशि अलग हो सकती है। बोर्ड ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे बिजली बिल का भुगतान करने से पहले वेबसाइट, उपभोक्ता पोर्टल, मोबाइल ऐप या संबंधित कार्यालय में उपलब्ध ऑनलाइन बिल राशि अवश्य जांच लें।बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने 25 मार्च 2026 को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए नया टैरिफ आदेश जारी किया था। इसके बाद प्रदेश सरकार ने 1 अप्रैल 2026 को बिजली सब्सिडी अधिसूचित की और 4 अप्रैल 2026 को घरेलू तथा कृषि उपभोक्ताओं के लिए संशोधित सब्सिडी दरों की घोषणा की। नई टैरिफ और सब्सिडी दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू मानी गई हैं।
मार्च और अप्रैल की खपत एक साथ शामिल होने से बदलाव
बिजली बोर्ड के अनुसार अप्रैल 2026 में जारी किए गए बिलों में मार्च और अप्रैल दोनों महीनों की बिजली खपत शामिल है। मार्च 2026 की खपत पर पुरानी टैरिफ और सब्सिडी दरें लागू की गई हैं, जबकि अप्रैल माह की खपत के लिए नई दरों के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया है। इसी कारण बिल राशि में तकनीकी अंतर दिखाई दे सकता है।बोर्ड ने बताया कि नई टैरिफ और सब्सिडी संबंधी बदलावों को ऑनलाइन बिलिंग प्रणाली में अपडेट कर दिया गया है। ऐसे में स्पॉट बिलिंग मशीन से निकले बिल और ऑनलाइन उपलब्ध बिल में राशि अलग दिखाई देना संभव है। उपभोक्ताओं को अंतिम और अद्यतन राशि ऑनलाइन माध्यम से ही सत्यापित करने की सलाह दी गई है।
ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध रहेगी सही राशि
एचपीएसईबीएल के अनुसार उपभोक्ता बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन, उपभोक्ता पोर्टल और संबंधित उपमंडल कार्यालयों के माध्यम से अपने बिजली बिल की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि भुगतान से पहले ऑनलाइन उपलब्ध राशि की पुष्टि करने से किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकेगा।मुख्य अभियंता इंजीनियर शमशेर सिंह नेगी की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि बिलिंग प्रणाली में किए गए तकनीकी अपडेट उपभोक्ताओं की सुविधा और संशोधित दरों को लागू करने के लिए आवश्यक थे। बोर्ड ने उपभोक्ताओं से समय पर सही राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की अपील की है।