Loading...

ऊना में 1250 से अधिक पात्र बालिकाओं को लगी एचपीवी वैक्सीन, मिशन 4500 का लक्ष्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 1250 से अधिक पात्र बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अभियान में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को शामिल किया गया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग विभिन्न स्कूलों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाने के साथ बालिकाओं, अभिभावकों और शिक्षकों को एचपीवी संक्रमण तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में जागरूक कर रहे हैं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से देशभर में एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ऊना जिले में भी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग इस मुहिम को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर स्कूलों में विशेष टीकाकरण ड्राइव आयोजित कर रहा है।

वैज्ञानिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील

डॉ. संजीव वर्मा ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित टीका है, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही प्रमाणिक और वैज्ञानिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की। उन्होंने पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण करवाने में अभिभावकों के सहयोग को अभियान की सफलता के लिए जरूरी बताया।

मिशन 4500 के लिए विभागों में समन्वय

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि ऊना जिले में ‘मिशन 4500’ के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया है। इसे समयबद्ध तरीके से हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाओं, आईसीडीएस, सामाजिक संस्थाओं और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। सामूहिक प्रयासों से अभियान को गति देकर अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की सुरक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है।

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए अभिभावकों और आम लोगों की जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं के अभिभावकों से अपनी बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण करवाने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करके अभिभावक सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Related Topics: