Loading...

महिला विश्वकप फाइनल / भारत-साउथ अफ्रीका भिड़ंत से पहले BCCI का बड़ा ऐलान, हिमाचल की दो बेटियां इतिहास रचने को तैयार

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 1 Nov 2025, 2:30 PM | Updated: 1 Nov 2025, 2:33 PM 1 min read

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रविवार को महिला वनडे विश्वकप 2025 का फाइनल खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक मुकाबले में पहली बार दो हिमाचली खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा होंगी, जिससे प्रदेश में गर्व और उत्साह का माहौल है।

मुंबई

हिमाचल की दो बेटियां बनाएंगी इतिहास
हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार दो महिला क्रिकेट खिलाड़ी – तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर और बल्लेबाज हरलीन दयोल – वनडे विश्वकप के फाइनल में खेलती नजर आएंगी। दोनों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। हरलीन दयोल ने पांच मैचों में 169 रन बनाए हैं, जिनमें श्रीलंका के खिलाफ 48 और पाकिस्तान के खिलाफ 46 रन की पारी शामिल है। वहीं रेणुका सिंह ठाकुर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए पांच मैचों में तीन विकेट हासिल किए हैं।

फाइनल से पहले BCCI का बड़ा एलान
बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि महिला क्रिकेट को मजबूत बनाने के लिए जय शाह के नेतृत्व में एक ठोस रोडमैप तैयार किया गया था। इसमें वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत से लेकर महिला और पुरुष खिलाड़ियों के वेतन समानता तक के कदम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय टीम विश्वविजेता बनती है, तो इस जीत का जश्न पूरे देश में शानदार तरीके से मनाया जाएगा।

भारत की तीसरी कोशिश वर्ल्ड कप जीतने की
भारतीय महिला क्रिकेट टीम तीसरी बार विश्वकप फाइनल में पहुंची है। 2005 में भारत ऑस्ट्रेलिया और 2017 में इंग्लैंड से हार गया था। इस बार फाइनल में साउथ अफ्रीका पहली बार उतर रही है। दोनों टीमें अपने पहले खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।

फाइनल मुकाबला डीवाई पाटिल स्टेडियम में
महिला वनडे विश्वकप का फाइनल मुकाबला रविवार, 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 3 बजे शुरू होगा और टॉस 2:30 बजे होगा। पूरे देश की नजरें इस महामुकाबले पर टिकी हैं।

हिमाचल क्रिकेट संघ ने जताया गर्व
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि यह राज्य के लिए गौरव का क्षण है कि दो हिमाचली बेटियां भारतीय टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर भारत को विश्व विजेता बनाएंगी।