Loading...

आईजीएमसी शिमला में छह माह की बच्ची स्वाइन फ्लू संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सतर्कता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 53 Mins Ago • 1 Min Read

आईजीएमसी शिमला में कुल्लू जिले की छह माह की बच्ची की जांच रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई है। तेज बुखार होने के बाद परिजन उसे जांच और उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। लक्षणों को देखते हुए चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराई, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। बच्ची का उपचार अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है।

शिमला/शिमला

इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सकों ने बच्ची के लक्षणों को देखते हुए उसका सैंपल प्रयोगशाला भेजा था। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उसका उपचार शुरू किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने आईजीएमसी में स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आने की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश

स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और चिकित्सकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। वायरल संक्रमण के लक्षणों वाले मरीजों की निगरानी बढ़ाने और आवश्यकता के अनुसार रैंडम सैंपलिंग करने को कहा गया है। विभाग ने लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने और विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने की अपील की है।

लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों में समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और जांच कराने पर जोर दिया गया है। विभाग ने लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा बीमारी के लक्षण नजर आने पर बिना देरी चिकित्सकीय जांच करवाने की सलाह दी है।

Related Topics: