Loading...

आईएमपावर अकादमी में सहकारी सभाओं के प्रतिनिधियों ने परखी कौशल प्रशिक्षण व्यवस्था

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Hours Ago • 1 Min Read

बंगाणा विकास खंड की विभिन्न सहकारी सभाओं के सचिवों और सहकार बंधुओं ने थाना कलां स्थित आईएमपावर अकादमी का दौरा कर युवाओं एवं महिलाओं के लिए चल रहे कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी ली। मासिक बैठक के बाद अकादमी पहुंचे प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं और संचालित पाठ्यक्रमों का अवलोकन किया।

ऊना/बंगाणा/वीरेंद्र बन्याल

खंड निरीक्षक सहकारी सभाएं बंगाणा अश्विनी कुमार ने कहा कि युवाओं और महिलाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए अकादमी की ओर से की जा रही पहल सराहनीय है। उन्होंने बताया कि अकादमी में विभिन्न प्रकार के पाठ्यक्रम निःशुल्क करवाए जा रहे हैं। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं को अपना कौशल विकसित करने तथा रोजगार के नए अवसर तलाशने में सहायता मिल रही है।

अश्विनी कुमार के अनुसार वर्तमान में अकादमी में करीब 200 युवा और महिलाएं अलग-अलग पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण सुविधाओं और युवाओं एवं महिलाओं को उपलब्ध करवाए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।

दौरे में शामिल सहकारी सभाओं के सचिवों और सहकार बंधुओं ने अकादमी की प्रशिक्षण गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं के लिए उपयोगी एवं रोजगारोन्मुखी पहल बताया। इस अवसर पर ब्लॉक यूनियन के प्रधान विपिन कुमार, इफको से पवन तथा बंगाणा विकास खंड की विभिन्न सहकारी सभाओं के सचिव और सहकार बंधु उपस्थित रहे।

Related Topics: •