Independence Day 2026 : कर्मचारियों-पेंशनरों को मिलेगा अतिरिक्त एरियर, सीएम सुक्खू ने की कई घोषणाएं
Independence Day 2026: हिमाचल प्रदेश के राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों, पेंशनरों और अन्य वर्गों के लिए कई घोषणाएं कीं। बड़सर में आयोजित समारोह के दौरान उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और पेंशनरों को अतिरिक्त एरियर देने, एनएचएम कर्मचारियों के लिए संशोधित वेतनमान लागू करने, गरीब परिवारों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने और विभिन्न विभागों में पद भरने की घोषणा की।
हमीरपुर/बड़सर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में सात वर्ष पूरे कर चुके कर्मचारियों को एक अप्रैल से संशोधित वेतनमान दिया जाएगा। आउटसोर्स स्टाफ नर्सों और पैरा मेडिकल कर्मचारियों, जिनमें लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट और ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन शामिल हैं, का संशोधित वेतन 25 हजार रुपये होगा। डाटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए 18 हजार रुपये संशोधित वेतन तय किया गया है। यह व्यवस्था सितंबर से लागू होगी।
गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा
मुख्यमंत्री ने नई स्वास्थ्य बीमा नीति लागू करने की बात कही। इसके तहत गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। उन्होंने आने वाले समय में 100 पंचायतों को ग्रीन बनाने और वन मित्रों का वेतन 1,200 रुपये करने की घोषणा भी की। इसके साथ विभिन्न विभागों में हजारों पद भरने, 1,975 सरकारी स्कूलों में चौकीदार का एक-एक पद सृजित करने तथा जल शक्ति विभाग में 400 पद भरने का एलान किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मल्टी टास्क वर्करों और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति लाने पर विचार किया जा रहा है। हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश का पहला समर्पित साइंस कॉलेज स्थापित करने की घोषणा भी की गई, जिसकी अनुमानित लागत 100 करोड़ रुपये बताई गई है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को इसी माह 20 फीसदी अतिरिक्त एरियर और पेंशनरों को 35 फीसदी अतिरिक्त एरियर जारी किया जाएगा। समारोह में पारिवारिक पेंशनरों के लिए भी घोषणा की गई।
परेड में 12 टुकड़ियों ने लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सुबह करीब 11:02 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इसके बाद परेड का निरीक्षण किया। मार्चपास्ट में 12 टुकड़ियों ने भाग लिया। इनमें हिमाचल प्रदेश पुलिस की छठी भारतीय रिजर्व बटालियन धौलाकुआं, तृतीय आईआरबी पंडोह, द्वितीय आईआरबी महिला सकोह, हमीरपुर जिला पुलिस, सेंट्रल रेंज मंडी की यातायात पुलिस, महिला एवं पुरुष होमगार्ड, हरियाणा पुलिस तथा विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों की टुकड़ियां शामिल रहीं।
हिमाचल प्रदेश पुलिस की उत्तरी रेंज की विशेष सुरक्षा इकाई ने वीआईपी सुरक्षा पर प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों और बड़सर क्षेत्र के स्कूलों के सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया और भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की लाभार्थी महिलाओं को चेक वितरित किए। समारोह के समापन के बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
