Loading...

Interview: धर्मपुर में आंगनवाड़ी के 15 पदों के लिए 17 सितंबर को साक्षात्कार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

Interview: बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर के अधीन आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता के चार और सहायिका के 11 पदों पर भर्ती के लिए 17 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक महिला उम्मीदवार सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की सत्यापित प्रतियों के साथ 11 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकती हैं।

सोलन/धर्मपुर

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के एक-एक पद आंगनवाड़ी वृत्त कसौली की ग्राम पंचायत कसौली गढ़खल के केंद्र बाजार गढ़खल, धर्मपुर वृत्त की ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के केंद्र थड़े का ठाकुरद्वारा, चंडी वृत्त की ग्राम पंचायत बुघार कनैता के केंद्र ठिम्बर और जाबली वृत्त की ग्राम पंचायत कोटी नाम्ब के आंगनवाड़ी केंद्र कोटी में भरे जाएंगे। इन सभी पदों के लिए निर्धारित तिथि पर बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर के कार्यालय में साक्षात्कार होगा।

इन केंद्रों में भरे जाएंगे सहायिका के पद

आंगनवाड़ी सहायिका के पद मसूलखाना वृत्त की ग्राम पंचायत नाहरी के केंद्र ओडा और मध्याना, जाबली वृत्त की ग्राम पंचायत सनवारा के केंद्र मंगोटी मोड़, परवाणू वृत्त की नगर परिषद परवाणू के सेक्टर-2(1), ग्राम पंचायत टकसाल के टकसाल-2 तथा धर्मपुर वृत्त की ग्राम पंचायत धर्मपुर के केंद्र सिहारडी चमारा में भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त कसौली वृत्त की ग्राम पंचायत चामिया के केंद्र चामिया और कृष्णगढ़ वृत्त की ग्राम पंचायत कोट के केंद्र घडसी कुकाणा में भी एक-एक पद भरा जाएगा।

कृष्णगढ़ वृत्त की ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के आंगनवाड़ी केंद्र नेरी, ग्राम पंचायत जगजीतनगर के केंद्र निचला बडोह और गोयला वृत्त की ग्राम पंचायत घडसी के केंद्र घडसी ब्राह्मणा में भी सहायिका के एक-एक पद पर भर्ती की जाएगी। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इच्छुक महिला उम्मीदवार सादे कागज पर आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के साथ सभी संबंधित प्रमाणपत्रों की सत्यापित छाया प्रतियां लगाना अनिवार्य है।

आयु, योग्यता और आय की शर्तें

उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका, दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दस जमा दो या इसके समकक्ष उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय के प्रमाण के लिए तहसीलदार, नायब तहसीलदार अथवा कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।

आवेदन के साथ आयु, उच्च शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता, विधवा, स्टेट होम अथवा बालिका आश्रम के इनमेट्स, अनाथ, असहाय एवं परित्यक्ता, तलाकशुदा, पति के पिछले सात वर्षों से लापता होने, जाति, निवास और आय से संबंधित प्रमाणपत्र संलग्न करने होंगे। साक्षात्कार के दिन उम्मीदवारों को इन सभी दस्तावेजों की मूल प्रतियां भी साथ लानी होंगी। अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01792-264037 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Topics: