Loading...

रिकांगपिओ में जगत सिंह नेगी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया

हिमाचलनाउ डेस्क • 55 Mins Ago • 1 Min Read

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने रिकांगपिओ में कल्पा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और एकजुटता के साथ काम करने तथा बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने सांगला में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनकर उनके त्वरित निपटारे की कार्रवाई की।

रिकांगपिओ

लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के सभागार में आयोजित बैठक में जगत सिंह नेगी ने कहा कि कार्यकर्ता राज्य सरकार की समावेशी और सर्वस्पर्शी नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी हित में निरंतर काम करना चाहिए। बैठक में कल्पा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, कांग्रेस नेत्री ललित पंचारस सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता और युवा नेता उपस्थित रहे।

सांगला में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

इसके बाद जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने सांगला विश्राम गृह मैदान में सांगला ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को कांग्रेस की नीतियों से अवगत कराने को कहा। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र में देश के संविधान को सर्वोपरि बताया। इसके बाद मंत्री ने सांगला विश्राम गृह में स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके त्वरित निपटारे की कार्रवाई की।

सांगला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, अधिवक्ता एवं जिला बाल संरक्षण कल्याण परिषद के अध्यक्ष प्रताप नेगी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पार्टी संगठन को धरातल पर मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों तक नीतियों की जानकारी पहुंचाने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

Related Topics: