Politics / जनादेश से घबराई सुक्खू सरकार, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव टालकर कर रही हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिश : जयराम ठाकुर
Politics : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर पंचायत, नगर निकाय और जिला परिषद चुनावों में मिले जनादेश का सम्मान नहीं करने तथा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव जानबूझकर टालने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है और सरकार हॉर्स ट्रेडिंग व राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चुनाव नहीं कराए गए तो भाजपा न्यायालय से लेकर सड़कों तक लोकतांत्रिक संघर्ष तेज करेगी।
शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर पंचायत, नगर निकाय और जिला परिषद चुनावों में मिले जनादेश का अपमान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। शनिवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार पहले हर हाल में चुनाव टालना चाहती थी, लेकिन हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चुनाव कराने पड़े। अब सरकार अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव जानबूझकर टाल रही है ताकि हॉर्स ट्रेडिंग और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने का समय मिल सके।जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को पहले से अंदेशा था कि जनता उसके खिलाफ मतदान करेगी। यही कारण था कि कभी डिजास्टर एक्ट का सहारा लिया गया, कभी नियमों में बदलाव किए गए और कभी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सरकार जनादेश स्वीकार करने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोकने में जुटी हुई है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की करीब 70 प्रतिशत पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान और उपप्रधान विजयी हुए हैं, जो कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता के जनादेश का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भी भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिला है। धर्मशाला नगर निगम में भाजपा ने 17 में से 11 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि अन्य नगर निकायों में भी भाजपा का प्रदर्शन कांग्रेस से बेहतर रहा।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 12 जिला परिषदों में से केवल तीन में ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव कराए गए हैं और तीनों स्थानों पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि शेष अधिकांश जिला परिषदों में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद सरकार चुनाव नहीं करा रही है। उन्होंने कहा कि 92 ब्लॉक समितियों में से केवल 47 में चुनाव हुए, जिनमें 31 स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए, जबकि कांग्रेस केवल 16 स्थानों पर जीत सकी। उनका आरोप है कि सरकार केवल उन्हीं निकायों में चुनाव करा रही है जहां कांग्रेस की स्थिति मजबूत है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित पार्षदों, बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों को डराने-धमकाने के लिए उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर उनके परिजनों के तबादले किए जा रहे हैं तथा प्रशासनिक दबाव बनाकर जनप्रतिनिधियों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सुजानपुर नगर परिषद का उदाहरण देते हुए चुनाव प्रक्रिया में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कर रही है जो सरकार के दबाव में आकर चुनाव की तिथियां घोषित नहीं कर रहे हैं या लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे हैं। साथ ही उन अधिकारियों की भी सूची बनाई जा रही है जो भाजपा समर्थित निर्वाचित प्रतिनिधियों के विरुद्ध राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से जनादेश का सम्मान करने की अपील करते हुए कहा कि जनता ने पंचायतों और नगर निकायों के माध्यम से स्पष्ट संदेश दे दिया है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के प्रति विश्वास समाप्त हो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव नहीं कराए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप बंद नहीं किया तो भारतीय जनता पार्टी न्यायालय से लेकर सड़कों तक लोकतांत्रिक संघर्ष को और तेज करेगी। उन्होंने दावा किया कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों का जनादेश आगामी विधानसभा चुनावों की दिशा भी तय करेगा।