जयराम का सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला, बोले—‘कर, कर्ज़ और मित्र मंडली तक सिमटा व्यवस्था परिवर्तन’
Himachalnow / मंडी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर कर, कर्ज़ और भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने स्वास्थ्य, पंचायत चुनाव, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार की नाकामी को उजागर किया। उनका कहना था कि यह सरकार अब जनता के लिए नहीं, बल्कि मित्र मंडली के हितों के लिए काम कर रही है।
मंडी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में “व्यवस्था परिवर्तन” के नाम पर केवल करों का बोझ, कर्ज़, भ्रष्टाचार को संरक्षण और करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने की राजनीति हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार जनता के लिए नहीं, बल्कि “मित्र मंडली” के हितों के लिए काम कर रही है।जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव के समय दी गई गारंटियां आज भी धरातल पर नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार झूठ बोलकर और बयानबाजी करके समय निकालने की नीति पर चल रही है। उनका कहना था कि जनता अब सरकार की कथनी और करनी का अंतर साफ देख रही है।
उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर भी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि सहारा और हिमकेयर जैसी योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है। जयराम ने कहा कि आज प्रदेश में इलाज, दवाई और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आम लोग परेशान हैं और सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के बजाय उसे संरक्षण देती नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े मामलों में सख्त कदम उठाने के बजाय लीपापोती की जा रही है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने पंचायत चुनावों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि संवैधानिक विषयों पर बार-बार गलत फैसले लेकर सरकार ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपनी गलतियों के कारण जनता के करोड़ों रुपये कानूनी लड़ाइयों में खर्च कर दिए।आर्थिक स्थिति पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने राजस्व बढ़ाने के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई, बल्कि टैक्स, वैट, सेस और फीस बढ़ाकर आम आदमी पर बोझ डाल दिया। उनका कहना था कि महंगाई और बेरोजगारी ने जनता की कमर तोड़ दी है, जबकि विकास कार्य भी ठप पड़े हैं।
जयराम ने यह भी कहा कि सरकार के फैसलों के कारण उद्योग और पर्यटन जैसे अहम क्षेत्र भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार देने के वादे करने वाली सरकार अब युवाओं को अवसर देने में भी नाकाम साबित हो रही है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह सरकार अब “जनता की सरकार” नहीं, बल्कि “मित्रों की, मित्रों द्वारा, मित्रों के लिए” चलने वाली सरकार बन गई