JBT / 600 पदों का अंतिम परिणाम जारी, 597 अभ्यर्थी सफल
JBT / राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने जूनियर बेसिक टीचर यानी जेबीटी जॉब ट्रेनी पोस्ट कोड-26015 के 600 पदों का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम में 597 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जबकि डब्ल्यूएफएफ श्रेणी के तीन पद रिक्त रह गए। आयोग ने सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर परिणाम सूची में जारी कर दिए हैं।
हमीरपुर/हमीरपुर
जेबीटी के इन पदों के लिए आयोग को कुल 16,197 आवेदन मिले थे। भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 13 से 17 जून तक आयोजित की गई थी। परीक्षा में 14,270 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 1,927 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में प्राप्त मेरिट के आधार पर आयोग ने 1,459 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया था।
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 26 सितंबर को शुरू हुई थी और इसके बाद पांच से 13 अक्तूबर तक चली। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद आयोग ने सभी 600 पदों का अंतिम परिणाम तैयार किया। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि अंतिम परिणाम आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करा दिया गया है।