Jobs / चम्बा में जल शक्ति विभाग के 30 पदों पर भर्ती, पैरा पंप ऑपरेटर सहित 15 जुलाई तक करें आवेदन
Jobs : जल शक्ति विभाग चम्बा मंडल ने विभिन्न जलापूर्ति एवं सीवरेज योजनाओं के संचालन और रखरखाव के लिए पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर तथा मल्टीपर्पज वर्कर्स के कुल 30 पदों पर मानदेय आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और शर्तों के अनुसार 15 जुलाई तक अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति मंडल, चम्बा के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।
चम्बा
30 पदों पर होगी भर्ती
जल शक्ति विभाग के चम्बा मंडल में विभिन्न जलापूर्ति एवं सीवरेज योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर तथा मल्टीपर्पज वर्कर्स के पदों पर मानदेय आधार पर भर्ती की जाएगी। अधिशाषी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि मंडल के अंतर्गत कुल 30 पद भरे जाएंगे। इनमें पैरा पंप ऑपरेटर के 8 पद, पैरा फिटर के 3 पद तथा मल्टीपर्पज वर्कर्स के 19 पद शामिल हैं। विभाग के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित मानदेय पर नियुक्त किया जाएगा।
मानदेय और पात्रता निर्धारित
उन्होंने बताया कि पैरा पंप ऑपरेटर एवं पैरा फिटर के चयनित अभ्यर्थियों को 7,100 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा, जबकि मल्टीपर्पज वर्कर्स को 6,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। पैरा फिटर पद के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से मैट्रिक के साथ फिटर, प्लंबर अथवा प्लंबिंग एवं सैनिटेशन ट्रेड में आईटीआई अथवा कौशल विकास योजना के अंतर्गत संबंधित प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। इसके लिए डिटेल्ड मार्क्स सर्टिफिकेट प्रस्तुत करना होगा।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता
पैरा पंप ऑपरेटर पद के लिए अभ्यर्थी के पास मैट्रिक के साथ इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, डीजल मैकेनिक, पंप मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, पंप ऑपरेटर-कम-मैकेनिक अथवा संबंधित ट्रेड में आईटीआई या कौशल विकास योजना के अंतर्गत संबंधित प्रमाणपत्र होना चाहिए। वहीं मल्टीपर्पज वर्कर पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है। सभी तकनीकी पदों के लिए संबंधित ट्रेड का डिटेल्ड मार्क्स सर्टिफिकेट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
15 जुलाई तक करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन प्रपत्र में आवश्यक प्रमाणित दस्तावेजों सहित 15 जुलाई तक कार्यालय समय के दौरान अधिशाषी अभियंता, जल शक्ति मंडल, चम्बा के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, बेरोजगारी प्रमाण पत्र, आरक्षित वर्ग प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), चरित्र प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड संलग्न करना अनिवार्य होगा। विभाग ने निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाने की जानकारी दी है।
स्किल टेस्ट के आधार पर होगा चयन
अधिशाषी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों का चयन स्किल टेस्ट अथवा फिजिकल टेस्ट के माध्यम से किया जाएगा। टेस्ट की तिथि केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को सूचित की जाएगी, जिनके आवेदन पूर्ण एवं निर्धारित शर्तों के अनुरूप पाए जाएंगे। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
