Jobs: हिमाचल में 228 चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती शुरू, आयोग को भेजा प्रस्ताव
Jobs: हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 228 चिकित्सा अधिकारियों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें जनरल विंग के 70 बैकलॉग और 158 नए पद शामिल हैं। विभाग ने इन पदों को भरने के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेजा है।
हिमाचल प्रदेश
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर शुरू की गई इस भर्ती का उद्देश्य मौजूदा रिक्त पदों को भरने के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करना है। राज्य सरकार ने चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के तहत गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में सहायक प्रोफेसर सुपर स्पेशियलिटी के एक पद को पदोन्नति के माध्यम से भरने की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है।
इसी माह नियुक्त किए गए 194 चिकित्सक
राज्य सरकार ने इसी माह 194 चिकित्सकों की नियुक्ति भी की है, जिनमें 118 विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। इन चिकित्सकों को स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और सीनियर रेजिडेंसी की अवधि पूरी करने के बाद नियुक्ति दी गई है। उन्हें प्रदेश के विभिन्न नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, क्षेत्रीय एवं जोनल अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालयों में तैनात किया गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रवक्ता के अनुसार सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ चिकित्सकों और अन्य चिकित्सा पेशेवरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दे रही है। विभाग का कहना है कि नई भर्ती से रिक्त पद भरने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने और मौजूदा चिकित्सकों का कार्यभार कम करने में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य लोगों को उनके घरों के निकट बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।