Loading...

Jobs: हिमाचल में सहायक स्टाफ नर्स के 780 पद भरेंगे, एचएएस समेत 22 अन्य पदों पर भी भर्ती

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 47 Mins Ago • 1 Min Read

Jobs: हिमाचल प्रदेश में सहायक स्टाफ नर्स के अब कुल 780 पद भरे जाएंगे। राज्य चयन आयोग के माध्यम से फिक्स मानदेय के आधार पर होने वाली इस भर्ती में 468 अतिरिक्त पद शामिल किए गए हैं। वहीं, राज्य लोक सेवा आयोग ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2026 के तहत एचएएस के चार पदों सहित विभिन्न विभागों के 22 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।

शिमला

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि 23 जुलाई को जारी विज्ञापन संख्या 12/2026 में पोस्ट कोड-26044 के तहत सहायक स्टाफ नर्स के 312 पद विज्ञापित किए गए थे। अब मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के निदेशालय से 468 अतिरिक्त पदों की स्वीकृति मिलने के बाद इनकी कुल संख्या बढ़कर 780 हो गई है। इन सभी पदों पर भर्ती आयोग के माध्यम से फिक्स मानदेय के आधार पर की जाएगी।

22 सितंबर तक स्वीकार किए जाएंगे आवेदन

राज्य लोक सेवा आयोग ने प्रदेश प्रशासनिक सेवा संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2026 के तहत 22 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। पात्र अभ्यर्थी 25 अगस्त से 22 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद आवेदन लिंक निष्क्रिय कर दिया जाएगा। भर्ती के माध्यम से हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के अलावा ग्रामीण विकास, वित्त, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा राजस्व विभाग के विभिन्न पद भरे जाएंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार होंगे।

भर्ती में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा ग्रुप-ए के चार, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के 10, जिला कोषाधिकारी और जिला नियंत्रक का एक-एक तथा तहसीलदार के छह पद शामिल हैं। एचएएस के चार पदों में एक अनारक्षित, एक एसटी, एक हिमाचल प्रदेश श्रवण बाधित वर्ग और एक पूर्व सैनिक एससी वर्ग का बैकलॉग पद है। बीडीओ के पदों में पांच अनारक्षित, एक पूर्व सैनिक, एक एसटी, दो ओबीसी और एक ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए निर्धारित हैं।

पदों का निर्धारित वेतनमान

जिला कोषाधिकारी का एक पद ईडब्ल्यूएस और जिला नियंत्रक का एक पद दृष्टिबाधित अनारक्षित वर्ग के लिए है। तहसीलदार के छह पदों में तीन अनारक्षित, एक एससी और दो एसटी वर्ग के पद शामिल हैं। एचएएस पद का वेतनमान 56,100 से 1,77,500 रुपये, बीडीओ का 53,600 से 1,70,100 रुपये और जिला कोषाधिकारी व जिला नियंत्रक का 48,700 से 1,54,300 रुपये निर्धारित है। तहसीलदार पद के लिए 46,000 से 1,46,500 रुपये का वेतनमान मिलेगा।

Related Topics: