Loading...

Jobs: हिमाचल के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में 117 कंप्यूटर शिक्षकों की नियुक्ति

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Jobs: हिमाचल प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा को मजबूत करने के लिए 117 कंप्यूटर शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति की गई है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की चयन प्रक्रिया के आधार पर नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। शिक्षकों को पांच वर्ष की निश्चित अवधि के दौरान शैक्षणिक वर्ष के 10 महीनों के लिए 30 हजार रुपये मासिक निश्चित मानदेय मिलेगा।

शिमला

नियुक्त शिक्षक कक्षा छठी से बारहवीं तक कंप्यूटर, सूचना तकनीक और संबंधित विषय पढ़ाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अतिरिक्त कक्षाएं लेने के साथ कमजोर विद्यार्थियों के लिए सुधारात्मक कक्षाएं भी संचालित करनी होंगी। शिक्षा विभाग जरूरत के अनुसार इन शिक्षकों को किसी अन्य सरकारी स्कूल में भेज सकेगा। छुट्टी पर गए शिक्षकों के स्थान पर या खाली पदों पर भी उनकी सेवाएं ली जा सकेंगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वे नियमित सरकारी कर्मचारी नहीं माने जाएंगे और उन्हें नियमित कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाएं नहीं मिलेंगी।

पांच कार्य दिवस में संभालना होगा कार्यभार

नियुक्त शिक्षकों को कार्यभार संभालने से पहले समझौता पत्र, स्वघोषणा पत्र और सरकारी या पंजीकृत चिकित्सक से जारी स्वास्थ्य प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। आदेश जारी होने के पांच कार्य दिवस के भीतर कार्यभार नहीं संभालने पर नियुक्ति स्वतः रद्द मानी जाएगी। विभाग ने संबंधित प्रधानाचार्यों को शिक्षकों के मूल प्रमाणपत्रों, विशेष रूप से शैक्षणिक योग्यता से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। चरित्र और पिछले रिकॉर्ड की जांच पूरी होने तक नियुक्ति अस्थायी रहेगी। गलत जानकारी देने, तथ्य छिपाने या योग्यता में कमी मिलने पर नियुक्ति रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

नियमित नौकरी का अधिकार नहीं

सरकार ने स्पष्ट किया है कि पांच वर्ष की इस अस्थायी नियुक्ति के आधार पर शिक्षकों को भविष्य में नियमित सरकारी नौकरी पाने का कोई अधिकार या प्राथमिकता नहीं मिलेगी। यदि भविष्य में नियमित पदों के लिए भर्ती होती है तो इन शिक्षकों को भी निर्धारित चयन प्रक्रिया या परीक्षा में शामिल होकर अपनी योग्यता साबित करनी होगी। नियुक्ति की अवधि, मानदेय और सेवा शर्तें जारी आदेशों के अनुसार लागू रहेंगी। इस व्यवस्था के तहत चयनित शिक्षकों की सेवाओं का उपयोग सरकारी सीबीएसई स्कूलों में कंप्यूटर और सूचना तकनीक से जुड़े विषयों के अध्यापन के लिए किया जाएगा।

Related Topics: