Jobs: हिमाचल स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टर और 200 नर्सों की होगी भर्ती
Jobs: हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टरों और 200 नर्सों की भर्ती की तैयारी की जा रही है। नई नियुक्तियों के बाद डॉक्टरों को डेपुटेशन पर भेजने के बजाय सीधे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आदर्श अस्पतालों में तैनात किया जाएगा। सरकार ने वर्ष 2027 तक विभाग के सभी रिक्त पद भरने का लक्ष्य रखा है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है।
हिमाचल प्रदेश
स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद डॉक्टरों और नर्सों की भर्ती का प्रस्ताव कमीशन को भेजा जाएगा, जिसके बाद प्रक्रिया शुरू होगी। आदर्श और सामुदायिक अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। जिन संस्थानों में छह डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं, वहां छह विशेषज्ञों की तैनाती की जाएगी। पर्याप्त डॉक्टर मिलने से मरीजों को प्राथमिक स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध होने की उम्मीद है।
जरूरत वाले स्वास्थ्य संस्थानों में सीधी तैनाती
स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों को एक संस्थान से दूसरे संस्थान में डेपुटेशन पर भेजने की व्यवस्था के कारण ग्रामीण अस्पतालों में सेवाएं प्रभावित होने के मामले सामने आते रहे हैं। अब नए डॉक्टरों को सीधे जरूरत वाले स्वास्थ्य संस्थानों में नियुक्त करने पर जोर दिया जा रहा है। इससे पीएचसी और सीएचसी में डॉक्टरों की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है और मरीजों को छोटी स्वास्थ्य जरूरतों के लिए जिला अस्पतालों या मेडिकल कॉलेजों तक नहीं जाना पड़ेगा।
स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंह मार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कमीशन के माध्यम से 300 डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। इसके अलावा 200 नर्सों की भर्ती भी प्रस्तावित है। विभाग के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए रिक्त पदों को भरने और नए कर्मचारियों की तैनाती जरूरत वाले संस्थानों में करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
