Jobs / फाइन आर्ट्स शिक्षक भर्ती का अंतिम नतीजा घोषित, 82 चयनित और 36 पद खाली
Jobs / हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग में फाइन आर्ट्स शिक्षकों के 118 पदों की भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। दस्तावेज सत्यापन के बाद 82 उम्मीदवारों का चयन हुआ है, जबकि पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण विभिन्न श्रेणियों के 36 पद खाली रह गए हैं।
हिमाचल प्रदेश
राज्य चयन आयोग ने पोस्ट कोड 26033 के तहत फिक्स मानदेय के आधार पर यह भर्ती प्रक्रिया आयोजित की थी। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार कुल 152 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 128 अभ्यर्थी कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर 106 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चुना गया था। आयोग ने 24 सितंबर को दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंतिम चयन सूची जारी की।
इन श्रेणियों में खाली रहे पद
खाली रहे 36 पदों में सामान्य वर्ग का एक, सामान्य ईडब्ल्यूएस के आठ, सामान्य स्वतंत्रता सेनानी परिजन का एक, ओबीसी के 10 और ओबीसी बीपीएल के चार पद शामिल हैं। इसके अलावा एससी वर्ग के सात, एससी बीपीएल के तीन, एससी स्वतंत्रता सेनानी परिजन का एक और एसटी वर्ग का एक पद पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण नहीं भरा जा सका। चयनित उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित अंतिम परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है।