Jobs: आईआईटी मंडी में निदेशक पद के लिए आवेदन आमंत्रित, 31 अक्टूबर अंतिम तिथि
Jobs: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी में निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए शिक्षा मंत्रालय ने आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन डाक और ईमेल, दोनों माध्यमों से भेजना होगा। आवेदन मंत्रालय के पास 31 अक्टूबर 2026 तक पहुंच जाना चाहिए। नियुक्ति सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी की सिफारिश के आधार पर की जाएगी।
मंडी
निदेशक पद के आवेदक के पास पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए और इससे पहले की डिग्री में प्रथम श्रेणी अनिवार्य है। इंजीनियरिंग की किसी शाखा में पीएचडी करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि विज्ञान, गणित या प्रबंधन में डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों के नाम पर भी विचार किया जा सकता है। इसके साथ किसी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में कम से कम 10 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
प्रशासनिक अनुभव और वेतन
इस पद के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ कम से कम पांच वर्ष का प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता भी जरूरी है। आवेदन की अंतिम तारीख तक 60 वर्ष से कम आयु वाले उम्मीदवारों को वरीयता देने की बात कही गई है। चयनित उम्मीदवार को संशोधित वेतन के तहत 2,25,000 रुपये प्रति माह तक भुगतान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नियमानुसार अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन के साथ देने होंगे ये दस्तावेज
उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में अपना बायोडाटा देना होगा, जिसमें शोध, शिक्षण, उद्योग, अकादमिक सहयोग और प्रशासनिक उपलब्धियों की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज हो। आवेदन के साथ उम्मीदवारी के समर्थन में दो पृष्ठ का औचित्य विवरण और संस्थान के लिए दो पृष्ठ का विजन स्टेटमेंट भी देना होगा। उम्मीदवार को अपने काम से परिचित कम से कम दो प्रतिष्ठित व्यक्तियों के संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराने होंगे।
डाक और ईमेल से भेजना होगा आवेदन
आवेदन और आवश्यक दस्तावेज पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से शिक्षा मंत्रालय को भेजने होंगे। सरकारी विभागों, स्वायत्त संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत उम्मीदवारों को आवेदन उचित माध्यम से भेजना होगा। आवेदन की अग्रिम प्रति भी संबंधित पते पर भेजनी होगी। लिफाफे पर अंग्रेजी में निदेशक, आईआईटी मंडी पद के लिए आवेदन का उल्लेख करना होगा। एमएस वर्ड प्रारूप में आवेदन की एक प्रति iits@gmail.com पर भी भेजनी होगी।
आईआईटी मंडी में निदेशक की नियुक्ति प्राप्त आवेदनों और नामांकनों पर विचार करने के बाद सर्च-कम-सेलेक्शन कमेटी की सिफारिश से होगी। संस्थान में वर्तमान निदेशक लक्ष्मी बेहरा का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होना है। इसी के मद्देनजर शिक्षा मंत्रालय ने नए निदेशक की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं।