Jobs / कांगड़ा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 38 पदों पर भर्ती, 12वीं पास अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित
Jobs : बाल विकास परियोजना अधिकारी लम्बागांव के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 8 और सहायिका के 30 सहित कुल 38 पदों पर भर्ती की जाएगी। निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और पात्रता रखने वाली अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा तथा इच्छुक उम्मीदवार विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, लम्बागांव से संपर्क कर सकती हैं।
कांगड़ा
38 पदों पर होगी भर्ती
बाल विकास परियोजना अधिकारी, लम्बागांव की ओर से क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में कुल 38 रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 8 पद और आंगनबाड़ी सहायिका के 30 पद शामिल हैं। सभी नियुक्तियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार के माध्यम से की जाएंगी।
इन केंद्रों में की जाएंगी नियुक्तियां
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद लम्बागांव पंचायत के दसलूं, हरोट पंचायत के हरोट-2, बड़ पंचायत के मरेर गुजरेड़ा, वरडाम पंचायत के बारी, मोलग पंचायत के अप्पर मोलग, टम्बर पंचायत के वरोटा, बागकुल्जां पंचायत के टिकरी-2 तथा बीजापुर पंचायत के गोपालपुर केंद्र में भरे जाएंगे। वहीं आंगनबाड़ी सहायिका के 30 पद सरी, गंदड़, मैला, संघोल, जयसिंहपुर, जालग, कोसरी, जलेट, बड़, र्द्मण, मुंगल, बालकरूपी, सोल वनेहड़, भगैतर, जांगल, कोटलू, वरडाम, बागकुल्जां, आलमपुर, बीजापुर, मझैडा, पपलाह और बन्दाहूं पंचायतों के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे।
पात्रता और चयन प्रक्रिया
भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है, जबकि आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की निवासी होना तथा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से कम होना अनिवार्य शर्तों में शामिल है। पात्र अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, लम्बागांव से संपर्क कर सकती हैं।
