Jobs / शारीरिक शिक्षा अध्यापक पद के लिए 3 और 4 जून को होगी काउंसलिंग
Jobs : जिला सिरमौर में शारीरिक शिक्षा अध्यापक (पीईटी) बैचवाइज भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 3 और 4 जून को आयोजित की जाएगी। विभिन्न रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेजों सहित समय पर उपस्थित रहने और निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित न रहने के निर्देश दिए हैं।
नाहन
जिला सिरमौर में शारीरिक शिक्षा अध्यापक (पीईटी) बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया के तहत पात्र अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 3 और 4 जून को आयोजित की जाएगी। यह काउंसलिंग उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा, सिरमौर के नाहन स्थित कार्यालय में होगी।जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिला रोजगार कार्यालय नाहन, उप रोजगार कार्यालय शिलाई तथा सराहां में पंजीकृत अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 3 जून को आयोजित की जाएगी। वहीं उप रोजगार कार्यालय पांवटा साहिब, राजगढ़, कमरऊ और संगड़ाह में पंजीकृत अभ्यर्थियों को 4 जून को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है।
शिक्षा विभाग ने सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से बताया गया है कि संबंधित अभ्यर्थियों को कॉल लेटर पहले ही जारी किए जा चुके हैं।काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ उनकी दो-दो स्वप्रमाणित छायाप्रतियां भी साथ लानी होंगी। इसके अतिरिक्त बायोडाटा प्रपत्र, प्रमाण पत्रों की जांच सूची, आवश्यक दिशा-निर्देश तथा वरीयता क्रम से संबंधित दस्तावेज विभाग के ब्लॉग से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थी बायोडाटा और वरीयता क्रम प्रपत्र को पहले से भरकर काउंसलिंग के दिन साथ लाना सुनिश्चित करें। अधिक जानकारी और आवश्यक निर्देशों के लिए अभ्यर्थियों को विभागीय ब्लॉग का नियमित अवलोकन करने की सलाह दी गई है।शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग का कोई पृथक अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।