“जोईया मामा” की चुनाव ड्यूटी के दौरान पोलिंग बूथ पर हंगामा, रोते हुए वीडियो वायरल
शिलाई ब्लॉक के गंगटोली पोलिंग बूथ पर चुनाव ड्यूटी के दौरान अध्यापक ओम प्रकाश उर्फ “जोईया मामा” से जुड़ा मामला चर्चा में आ गया। पोलिंग एजेंटों द्वारा शक जताने के बाद बूथ के बाहर उनका रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिलाई
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव 2026 के दौरान शिलाई ब्लॉक के गंगटोली पोलिंग बूथ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने चुनावी माहौल में नई चर्चा छेड़ दी है। पूर्व जयराम सरकार के दौरान “जोईया मामा” डायलॉग से चर्चाओं में आए अध्यापक ओम प्रकाश उर्फ जोईया मामा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पोलिंग बूथ के बाहर रोते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अध्यापक ओम प्रकाश की चुनाव ड्यूटी गंगटोली पोलिंग बूथ पर लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान बूथ पर मौजूद कुछ पोलिंग एजेंटों ने उन पर कथित रूप से गड़बड़ी करने का शक जाहिर किया और आपत्ति दर्ज करवाई। मामला बढ़ता देख बूथ के अंदर माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद ओम प्रकाश बूथ से बाहर आए और जोर-जोर से रोते हुए खुद को निर्दोष बताते नजर आए। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
हालांकि अभी तक इस मामले में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि आखिर विवाद की असली वजह क्या थी और क्या चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता पाई गई या नहीं।
उधर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि पूरी जानकारी मिलने के बाद ही इस पर कोई प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।
फिलहाल वायरल वीडियो और बूथ पर हुए घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि लोग अब जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से संभावित कार्रवाई या जांच को लेकर नजर बनाए हुए हैं।