Loading...

सिरमौर की बेटी ज्योति के उपचार को मिला सहारा, एफपीओ ने दिया 10 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजगढ़ उपमंडल की नाबालिग बच्ची ज्योति के उपचार के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से सहयोग लगातार मिल रहा है। देव भूमि फ्रूट एंड वेजिटेबल किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) ने इलाज के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। परिजनों ने बच्ची के उपचार को जारी रखने के लिए समाजसेवियों, संस्थाओं और आम लोगों से सहयोग की अपील की है।

राजगढ़

राजगढ़ उपमंडल के खलटू मतियाना गांव की नाबालिग बच्ची ज्योति के उपचार के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से सहायता का सिलसिला जारी है। गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही ज्योति के इलाज में सहयोग के लिए देव भूमि फ्रूट एंड वेजिटेबल किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) ने 10 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया है।राजगढ़ निवासी विक्रम ठाकुर ने बताया कि सोमवार को सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में एफपीओ के प्रतिनिधिमंडल ने ज्योति और उसके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में शामिल विक्रम, पवन और रंजना ने परिवार को 10 हजार रुपये का चैक भेंट कर उपचार के लिए सहयोग राशि सौंपी।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बच्ची के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी मरीज के उपचार में बाधा न बने। उन्होंने लोगों से भी ज्योति के इलाज के लिए यथासंभव सहयोग करने की अपील की।उल्लेखनीय है कि खलटू मतियाना गांव की रहने वाली ज्योति ने कुछ समय पूर्व गलती से बैटरी का पानी पी लिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत गंभीर रूप से खराब हो गई। तब से वह लगातार स्वास्थ्य संबंधी जटिल समस्याओं से जूझ रही है और उसका उपचार चल रहा है।

परिजनों के अनुसार बच्ची के उपचार पर लाखों रुपये खर्च होने की संभावना है। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण परिवार के लिए उपचार का पूरा खर्च वहन करना कठिन हो रहा है। ऐसे में परिजनों ने समाजसेवियों, संस्थाओं और आम लोगों से सहयोग की अपील की है, ताकि ज्योति का उपचार बिना किसी बाधा के जारी रह सके।