Loading...

कण्डाघाट कॉलेज में जिले का पहला यूथ रेड क्रॉस सहायता कक्ष शुरू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Hours Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट में जिला सोलन का पहला यूथ रेड क्रॉस यूनिट सहायता कक्ष शुरू किया गया। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने इसका लोकार्पण करते हुए कहा कि यह कक्ष जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास में भी सहायक बनेगा। कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।

सोलन/कण्डाघाट

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने विद्यार्थियों और अन्य उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी का प्रमुख उद्देश्य जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस यूनिट से युवाओं को शिक्षा के साथ आपदा और अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में मानवता की सेवा करने के लिए आवश्यक संवेदनशीलता विकसित करने का अवसर मिलेगा। जिले की पहली यूथ रेड क्रॉस यूनिट बनने से रेड क्रॉस की सेवाओं का विस्तार भी होगा।

मनमोहन शर्मा ने बताया कि रेड क्रॉस सोसायटी प्रदेश, जिला और उपमंडल स्तर के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सेवाएं देती है। उन्होंने आम लोगों से सहायता कक्ष की जानकारी जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुंचाने और युवाओं से अधिक संख्या में रेड क्रॉस सोसायटी से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी से समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

जिले में 143 जूनियर और यूथ रेड क्रॉस यूनिट

जिला रेड क्रॉस सोसायटी सोलन के उप संरक्षक लेखराज कौशिक ने बताया कि जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में कुल 143 जूनियर रेड क्रॉस तथा यूथ रेड क्रॉस यूनिट बनाई गई हैं। इन सभी यूनिट को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जोड़ा गया है। कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी कण्डाघाट गोपाल चंद शर्मा, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मदन लाल मनकोटिया, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. पीयूष शर्मा और रेड क्रॉस यूनिट कण्डाघाट की प्रभारी राज लक्ष्मी नेगी सहित सदस्य, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Topics: