Loading...

Kangra: बलड़ी गांव से तीन बच्चों की मां लापता, शिकायत के बाद तलाश में जुटी पुलिस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कांगड़ा के मझींन क्षेत्र स्थित बलड़ी गांव से तीन बच्चों की मां पूजा देवी 27 सितंबर से लापता हैं। उनकी सास सरला देवी की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। शिकायत में घर से सोना, चांदी और रसोई के बर्तन गायब होने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।

कांगड़ा/ज्वालामुखी

सरला देवी पत्नी स्वर्गीय किशन चंद ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे श्रवण कुमार की पत्नी पूजा देवी अचानक घर से लापता हो गईं। पूजा देवी के दो बेटे और एक बेटी हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार पूजा की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी और वह मूल रूप से नेपाल की रहने वाली हैं, जबकि उनके पति चालक का काम करते हैं। सरला देवी ने पुलिस से अपनी पुत्रवधू को जल्द तलाश करने की मांग की है। मामले की पुष्टि एसपी जिला देहरा संदीप धवल ने की है।

घर से सामान गायब होने का आरोप

सरला देवी के अनुसार पूजा देवी के लापता होने के बाद घर की जांच करने पर कुछ सामान भी गायब मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा करीब 30 ग्राम सोना, 200 ग्राम चांदी और रसोई के बर्तन साथ लेकर गई हैं। परिजनों और ग्रामीणों को जानकारी जुटाने पर पता चला कि पूजा ने मझींन के सुनार जगदीश चंद से सोने की एक नोज पिन उधार ली थी। इसके अलावा बाजार में मोबाइल दुकानदार अश्वनी कुमार से एक सिम खरीदने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इन तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Related Topics: •