बिस्तर पर लेटे बीड़ी पी रहे बुजुर्ग आग से झुलसे, उपचार के दौरान मौत
कांगड़ा जिले के पंचरुखी थाना क्षेत्र के गांव सुंगल में बिस्तर पर आग लगने से गंभीर रूप से झुलसे 90 वर्षीय बुजुर्ग की टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुजुर्ग घर में बिस्तर पर लेटे हुए बीड़ी पी रहे थे, इसी दौरान सुलगती बीड़ी बिस्तर पर गिर गई, जिससे आग लग गई।
कांगड़ा
पंचरुखी क्षेत्र में बुजुर्ग आग से झुलसे
पुलिस थाना पंचरुखी के अंतर्गत गांव सुंगल में एक बुजुर्ग व्यक्ति आग लगने की घटना में गंभीर रूप से झुलस गए। मृतक की पहचान 90 वर्षीय दूलो राम निवासी गांव सुंगल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है, जब बुजुर्ग अपने घर में बिस्तर पर लेटे हुए थे।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसी दौरान उनके हाथ से सुलगती हुई बीड़ी बिस्तर पर गिर गई। इसके बाद बिस्तर और आसपास रखे कपड़ों ने आग पकड़ ली। आग लगने से बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों ने टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने तुरंत बुजुर्ग को उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की ओर से उनका उपचार किया गया, लेकिन अधिक झुलसने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस थाना पंचरुखी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद टांडा अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।पुलिस ने पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
