Loading...

कांगड़ा के ज्वाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मां-बेटी की मृत्यु, बेटे का उपचार जारी, पुलिस जांच में जुटी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले के ज्वाली उपमंडल के एक गांव में मां और बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया है, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य उपचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

कांगड़ा

सुबह घर में मिले मां-बेटी के शव, बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया

कांगड़ा जिले के ज्वाली उपमंडल की धेवा पंचायत के घेली गांव में एक परिवार के भीतर दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शकुंतला देवी, पत्नी बुद्धि सिंह, तथा उनकी बेटी प्रिया, जो नौवीं कक्षा की छात्रा थी, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार रात पूरा परिवार भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गया था। शुक्रवार सुबह परिवार के मुखिया बुद्धि सिंह ने पत्नी और बेटी को अचेत अवस्था में पाया। जांच करने पर दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। वहीं परिवार का सातवीं कक्षा में अध्ययनरत बेटा लेखराज अस्वस्थ मिला, जिसे उल्टियां होने पर तत्काल नागरिक अस्पताल ज्वाली पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक नूरपुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ परिजनों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मृत्यु का कारण

पुलिस के अनुसार फिलहाल दोनों की मृत्यु के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। गृहस्वामी बुद्धि सिंह के बयान भी दर्ज किए गए हैं तथा उपलब्ध तथ्यों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

जांच प्रक्रिया जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक विश्लेषण तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुसार आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Related Topics: