Loading...

कांगड़ा में लम्पी रोग के 77 मामले, 15 सितंबर तक टीकाकरण पूरा करने का लक्ष्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Sep 2026 • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में पशुओं के बीच लम्पी रोग के 77 मामले सामने आए हैं। इनमें 31 पशु स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि अन्य संक्रमित पशुओं का उपचार जारी है। संक्रमण पर नियंत्रण के लिए पशुपालन विभाग ने टीकाकरण अभियान तेज करते हुए 15 सितंबर तक वैक्सीनेशन पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

धर्मशाला

पशुपालन विभाग के अनुसार जिले में सामने आए संक्रमण के मामले फिलहाल हल्के हैं, लेकिन स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। उपनिदेशक पशुपालन डॉ. सीमा गुलरिया ने बताया कि लम्पी रोग की रोकथाम के लिए विभाग को 1.35 लाख वैक्सीन डोज प्राप्त हुई हैं। इनमें से करीब 15 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है और शेष पशुओं को वैक्सीन लगाने का अभियान जारी है। विभाग ने निर्धारित अवधि के भीतर टीकाकरण पूरा करने की तैयारी की है।

विभाग ने पंजाब और हरियाणा से पशुओं की खरीद-फरोख्त के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ने की बात कही है। पशुपालकों को संक्रमित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने तथा गऊशालाओं और पशु बांधने वाले स्थानों पर नियमित साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई है। मक्खी-मच्छरों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने के साथ ही संक्रमण के दौरान पशुओं की खरीद-फरोख्त और उन्हें चरागाहों में खुले में छोड़ने से बचने की अपील भी की गई है।

Related Topics: