Loading...

कांगड़ा में लापता महिला का खड्ड में मिला शव, परिजनों ने की पहचान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में धीरा के समीप न्यूगल खड्ड के बलोटी पुल के पास मंगलवार शाम मिली महिला की पहचान 60 वर्षीय विक्रमा देवी के रूप में हुई है। वह मैंझा की रहने वाली थीं और मंगलवार सुबह करीब चार बजे घर से निकली थीं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांगड़ा

सोशल मीडिया पर महिला का शव मिलने से जुड़ी तस्वीरें प्रसारित होने के बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। मृतका के पुत्र जसवंत सिंह ने शव की पहचान अपनी मां विक्रमा देवी, पत्नी स्वर्गीय शांकी राम के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विक्रमा देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और पहले भी कई बार परिजनों को बताए बिना घर से चली जाती थीं।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह घर से निकलने के बाद विक्रमा देवी शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला का शव मिलने की जानकारी सामने आई। तस्वीरें देखने के बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिवार को सौंप दिया।

पालमपुर के डीएसपी सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों ने महिला की पहचान कर ली है। परिजनों ने इस मामले में किसी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

Related Topics: