पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई पोलियोरोधी दवा की दो बूंदें
उपमंडल अंब के क्षेत्रीय अस्पताल में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंदें पिलाकर किया गया। अभियान के तहत विशेष पोलियो बूथों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर भी बच्चों को दवा पिलाएंगी ताकि कोई भी बच्चा वंचित न रहे।
ऊना/ वीरेंद्र बन्याल
उपमंडल अंब के क्षेत्रीय अस्पताल में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष अनुसुइया रानी ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंदें पिलाकर की। इस अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वास्थ्य खंड अधिकारी डॉ. राहुल कतना ने अध्यक्ष अनुसुइया रानी का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अध्यक्ष अनुसुइया रानी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
स्वास्थ्य खंड अधिकारी डॉ. राहुल कतना ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत क्षेत्र में विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रह जाए।उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलाएं और इस जनहित अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण के साथ-साथ पल्स पोलियो अभियान में सहभागिता बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक भी किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव राघव राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भी अभियान को जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने का आग्रह किया।राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का उद्देश्य देश को पोलियो मुक्त बनाए रखना है और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल अंब में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि “जिंदगी की दो बूंद, हर बच्चे के लिए जरूरी”, ताकि आने वाली पीढ़ी को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके।