कांगड़ा में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए आवेदन आमंत्रित, 35 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान
कांगड़ा जिले में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकरण योजना के तहत नई छोटी खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने और पहले से संचालित इकाइयों के उन्नयन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना में परियोजना लागत का 35 प्रतिशत तक क्रेडिट-लिंक्ड पूंजी अनुदान देने का प्रावधान है, जबकि प्रति इकाई अधिकतम 10 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध करवाई जा सकती है।
धर्मशाला
जिला उद्योग केंद्र कांगड़ा के महाप्रबंधक ओम प्रकाश जरयाल ने बताया कि योजना का उद्देश्य स्थानीय कृषि एवं खाद्य उत्पादों का मूल्य संवर्धन करना, स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना और उद्यमियों की आय बढ़ाना है। इसका लाभ 18 वर्ष से अधिक आयु के युवा, महिलाएं, किसान, स्वयं सहायता समूह, किसान उत्पादक संगठन, सहकारी समितियां, गैर सरकारी संगठन, साझेदारी फर्में तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े इच्छुक व्यक्ति उठा सकते हैं।
लाभार्थी को वहन करनी होगी 10 प्रतिशत लागत
योजना के अंतर्गत लाभार्थी को परियोजना लागत का कम से कम 10 प्रतिशत हिस्सा स्वयं वहन करना होगा। शेष राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी। नई सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के साथ पहले से चल रही इकाइयों का उन्नयन भी योजना के दायरे में रखा गया है। पात्र आवेदकों को परियोजना लागत पर 35 प्रतिशत तक क्रेडिट-लिंक्ड पूंजी अनुदान दिया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा प्रति इकाई 10 लाख रुपये निर्धारित है।
इन खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत बेकरी, आटा चक्की, तेल मिल, मसाला और मिठाई निर्माण, पशु एवं मुर्गी आहार, दुग्ध उत्पाद, सोयाबीन पनीर, पापड़, चिप्स, धान मिल, जूस, आइसक्रीम, चॉकलेट, नूडल्स, नमकीन, जैम, जेली, अचार, सॉस, बिस्कुट और ब्रेड से जुड़ी इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं। मशरूम प्रसंस्करण, सेवई, मखाना तथा हल्दी एवं धनिया पाउडर सहित अन्य खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियां भी योजना में शामिल हैं।
इच्छुक आवेदक भारत सरकार के पीएमएफएमई पोर्टल www.pmfme.mofpi.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए धर्मशाला स्थित जिला उद्योग केंद्र के दूरभाष नंबर 01892-223242 पर संपर्क किया जा सकता है। आवेदक जिला रिसोर्स पर्सन अंशुल सूद के मोबाइल नंबर 70186-04919 से भी आवेदन प्रक्रिया और योजना के प्रावधानों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।