Loading...

किन्नौर में चिकित्सकों के रिक्त पद शीघ्र भरने के निर्देश, अस्पताल के उपकरणों पर भी चर्चा

हिमाचलनाउ डेस्क • 45 Mins Ago • 1 Min Read

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने निचार खंड स्तरीय रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों के रिक्त पद शीघ्र भरने के निर्देश दिए। बैठक में नागरिक अस्पताल भावानगर की खराब एक्स-रे मशीन, आधुनिक जांच उपकरणों की उपलब्धता, अस्पताल की मरम्मत और रात्रि ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

किन्नौर/भावानगर

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने 12 अगस्त को भावानगर फील्ड हॉस्टल के सभागार में आयोजित निचार खंड स्तरीय रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने समिति की आय और व्यय का विस्तृत विवरण मांगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को दी जाने वाली दवाओं के स्टॉक की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सुधीर नेगी को स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों के रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को घर के निकट बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

नागरिक अस्पताल भावानगर की सुविधाओं पर मंथन

बैठक में नागरिक अस्पताल भावानगर में खराब पड़ी एक्स-रे मशीन का विषय भी उठाया गया। राजस्व मंत्री ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के तहत विद्युत परियोजनाओं से आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध करवाने के साथ अस्पताल की मरम्मत और रखरखाव का आश्वासन दिया। उन्होंने रात्रि ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों को उचित सुरक्षा उपलब्ध करवाने की बात भी कही। खंड चिकित्सा अधिकारी निचार डॉ. यशोदा कुमारी ने बैठक का संचालन किया और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समस्याओं की जानकारी मंत्री के समक्ष रखी।

बैठक में उपमंडलाधिकारी निचार नेहा नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सुधीर नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निचार अनिल नेगी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निचार बीर सिंह नेगी और कांग्रेस मीडिया प्रभारी मनोज नेगी उपस्थित रहे। इनके अलावा रोगी कल्याण समिति के गैर सरकारी सदस्यों सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।

Related Topics: