रिकांग पीओ में 30 अक्तूबर से सजेगा राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव, चार दिन दिखेगी लोक संस्कृति
राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 30 अक्तूबर से 2 नवंबर 2026 तक रिकांग पीओ के महात्मा गांधी पार्क में आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय आयोजन में किन्नौर की संस्कृति, लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक संगीत तथा स्थानीय कला एवं हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। तैयारियों को लेकर उपायुक्त कार्यालय में हुई बैठक में आयोजन स्थल और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
रिकांग पीओ
किन्नौर महोत्सव कमेटी की अध्यक्ष एवं उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महोत्सव के सफल संचालन से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा की गई। महोत्सव के दौरान किन्नौरी लोक संस्कृति पर आधारित शहनाई, विभिन्न वाद्य यंत्रों, लोक नृत्य और लोक गायन की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मिस किन्नौर प्रतियोगिता के साथ इस बार मिस्टर किन्नौर प्रतियोगिता करवाने पर भी विचार किया जाएगा।
महोत्सव के बेहतर प्रबंधन और सुचारू संचालन के लिए 10 अक्तूबर तक विभिन्न समितियों का गठन कर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए। तैयारियों की समीक्षा के लिए आगामी दिनों में एक और बैठक आयोजित की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर देने पर विशेष बल दिया गया है। महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए महोत्सव के दौरान एंटी-चिट्टा मैराथन आयोजित की जाएगी। इसके साथ विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र ठाकुर, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास, गैर सरकारी सदस्य सरोज नेगी, निर्मल नेगी, हितेश नेगी, राज कुमार, राकेश, प्रवीण नेगी और रोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।