30 अक्तूबर से रिकांग पीओ में सजेगा राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव, लेजर शो रहेगा खास
राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2026 का आयोजन 30 अक्तूबर से 2 नवंबर तक रिकांग पीओ के महात्मा गांधी पार्क में किया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव में किन्नौर की संस्कृति, इतिहास और पारंपरिक विरासत पर आधारित लेजर शो प्रमुख आकर्षण रहेगा। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, प्रदर्शनियों, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा सहित विभिन्न तैयारियों पर चर्चा की गई।
रिकांग पीओ
एकीकृत जनजातीय विकास भवन में आयोजित बैठक के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किन्नौर महोत्सव जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और स्थानीय लोगों तथा बाहर से आने वाले आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्थानीय संस्कृति और कलाकारों को मिलेगा मंच
चार दिवसीय महोत्सव में किन्नौर की लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक संगीत, स्थानीय कला और हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। बैठक में स्थानीय कलाकारों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक अवसर देने पर विशेष जोर दिया गया। किन्नौरी लोक संस्कृति पर आधारित शहनाई वादन, पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोक नृत्य और लोक गायन प्रतियोगिताओं के साथ मिस किन्नौर एवं मिस्टर किन्नौर प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
महोत्सव के दौरान किन्नौर की संस्कृति, इतिहास और पारंपरिक विरासत को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए लेजर शो आयोजित करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कुकिंग प्रतियोगिता और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए एंटी-चिट्टा मैराथन करवाने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
प्रदर्शनियों में मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
महोत्सव में विभिन्न विभाग प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाएंगे। इनके माध्यम से लोगों को योजनाओं की पात्रता और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। मंत्री ने विभागों को प्रदर्शनियां जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मेन चौक रिकांग पीओ से बचत भवन तक दुकानों के लिए स्टॉल आवंटित करने और आगंतुकों की सुविधा के लिए सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा गया।
महोत्सव के दौरान बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
महोत्सव के दौरान वाहनों की आवाजाही पुराने पेट्रोल पंप से बाईपास मार्ग के माध्यम से संचालित की जाएगी, जबकि बचत भवन से मेन बाजार की रेड लाइट तक यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मंत्री ने यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित करने तथा गठित समितियों को तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा सहित मेला कमेटी के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।