भूकंप / कोलकाता और बंगाल के कई जिलों में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.4 दर्ज
कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के कई जिलों में शुक्रवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। दोपहर करीब 1:20 बजे आए झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 मापी गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार भूकंप का केंद्र बांग्लादेश में था।
भूकंप का असर कोलकाता और बंगाल में
भूकंप के झटके कोलकाता के अलावा राज्य के अलग-अलग जिलों में भी महसूस किए गए। स्थानीय लोगों ने अचानक आए झटकों के कारण घरों से बाहर निकलने की जानकारी दी। फिलहाल किसी जानमाल के नुकसान की रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
नेपाल में भूकंप के झटके
पश्चिम बंगाल में झटकों के पहले, नेपाल के पूर्वी हिस्से में शुक्रवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.7 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र नेपाल के संखुवासभा जिले में टोपके गोला के पास था, जो काठमांडू से लगभग 400 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। इसके कारण आसपास के भोजपुर, पंचथरस, तेहरथुम और ताप्लेजंग जिलों में भी कंपन महसूस किया गया।
सिक्किम में भी भूकंप के झटके
इससे पहले गुरुवार को सिक्किम में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। ग्यालशिंग जिले के युक्सोम से 4 किमी उत्तर-पूर्व में 10 किलोमीटर की गहराई में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। मांगन जिले में दोपहर 12:17 बजे 3.5 तीव्रता वाला झटका महसूस किया गया, जिसका केंद्र गंगटोक से 11 किमी उत्तर-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर था।