Loading...

कुल्लू में 20 भादों पर्व पर उमड़े हजारों श्रद्धालु, तीर्थ स्थलों पर किया पवित्र स्नान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कुल्लू जिले में 20 भादों पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने जिया संगम, मणिकर्ण, गड़सा, वशिष्ठ, क्लाथ और खीरगंगा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पवित्र स्नान किया। लगघाटी के खलाड़ा में माता भागासिद्ध और फुंगणी माता का मिलन हुआ। श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं के साथ धार्मिक परंपराओं में भाग लेकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कुल्लू

भुंतर के जिया संगम पर सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पार्वती और ब्यास नदी के संगम पर देवी-देवताओं के गूर, कारदार और पवित्र निशानों के साथ शाही स्नान किया गया। ढोल-नगाड़ों, कनाल और शहनाई की धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर देवताओं का आशीर्वाद लिया। दिनभर संगम स्थल देवी-देवताओं के जयकारों से गूंजता रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने धार्मिक परंपरा में भाग लिया।

मणिकर्ण और गड़सा में भी जुटे श्रद्धालु

धार्मिक नगरी मणिकर्ण में पवित्र स्नान के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। राम मंदिर में श्रद्धालुओं के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई थी। गड़सा घाटी के शौठ निहरगणु स्थित पवित्र झरने में हजारों लोगों ने स्नान करने के बाद देवता को आटे का प्रसाद चढ़ाया। लगघाटी के खलाड़ा में माता भागासिद्ध और फुंगणी माता के मिलन के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी तथा माता के साथ नदी में पवित्र स्नान किया।

श्रद्धालु इंदीवर मेहता और शिव कुमार सूर्या ने बताया कि स्थानीय मान्यता के अनुसार बरसात के दौरान पहाड़ों की जड़ी-बूटियां पककर जल में समाहित हो जाती हैं और इस पानी से स्नान करने पर चर्म रोग दूर होते हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले माता पार्वती चोंग ने भी शाही स्नान किया था। इसी धार्मिक आस्था के कारण 20 भादों के अवसर पर जिया संगम और जिले के अन्य तीर्थ स्थलों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

जिया संगम के सौंदर्यीकरण की मांग

ग्रामीणों बबिता, मेघ सिंह, जगदीश, वीर सिंह और रामचंद सहित अन्य लोगों ने जिया संगम स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग उठाई। उनका कहना है कि यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन की दृष्टि से भी कुल्लू का महत्वपूर्ण स्थल है, लेकिन यहां आवश्यक सुविधाओं की कमी है। ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से पक्के घाट, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था करने का आग्रह किया, ताकि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Related Topics: