Loading...

कुल्लू दशहरा 2026: करीब 332 देवी-देवताओं को न्योता भेजने की प्रक्रिया शुरू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 40 Mins Ago • 1 Min Read

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। दशहरा उत्सव समिति कुल्लू ने 20 से 26 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले देव समागम के लिए करीब 332 देवी-देवताओं को निमंत्रण पत्र भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कई देवी-देवताओं के कारदारों तक निमंत्रण पहुंच चुके हैं। इसके बाद मंदिर स्तर पर यात्रा, देवलुओं, कारकूनों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू होंगी।

कुल्लू

दशहरा उत्सव समिति की ओर से हर वर्ष मुआफीदार और गैर-मुआफीदार देवी-देवताओं को उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। देवी-देवता कारदार संघ खंड आनी के प्रधान भागे राम राणा ने बताया कि आनी खंड के देवी-देवताओं को भी निमंत्रण पत्र मिलने लगे हैं। निमंत्रण पहुंचने के साथ देव समाज, कारदारों और कारकूनों में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव को लेकर गतिविधियां शुरू हो गई हैं।

मंदिरों में व्यवस्थाओं पर होंगी बैठकें

निमंत्रण पत्र मिलने के बाद संबंधित देवी-देवताओं के मंदिरों में दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में देवी-देवताओं को उत्सव स्थल तक ले जाने, देवलुओं और कारकूनों की व्यवस्था, यात्रा तथा अन्य जरूरी प्रबंधों पर चर्चा होगी। आने वाले दिनों में मंदिर स्तर पर इन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

देवी-देवता कारदार संघ कुल्लू के जिला महासचिव टीसी महंत ने बताया कि दशहरा उत्सव समिति की ओर से अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में विराजमान होने के लिए देवी-देवताओं के निमंत्रण पत्र मिलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि निमंत्रण मिलने से कारदारों और कारकूनों में उत्साह है तथा अब संबंधित मंदिरों में उत्सव की तैयारियां विधिवत रूप से शुरू होंगी।

Related Topics: