Loading...

22 अक्तूबर को ऑडिट पैराग्राफ और तीन वर्षों की कार्यप्रणाली की होगी समीक्षा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्तूबर को ऊना में राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों के ऑडिट पैराग्राफ और पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेगी। उपायुक्त जतिन लाल ने संबंधित विभागों को अद्यतन आंकड़ों, रिपोर्ट और जरूरी रिकॉर्ड के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

समिति की समीक्षा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने बुधवार को डीआरडीए बैठक कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि संस्थानों से जुड़े ऑडिट पैराग्राफ की जानकारी पूरी और व्यवस्थित होनी चाहिए। रिपोर्ट निर्धारित फॉन्ट और आकार में तैयार करने के साथ उसमें सभी आवश्यक विवरण शामिल किए जाएं, ताकि समीक्षा के दौरान संबंधित मामलों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से समिति के समक्ष रखी जा सके।

जिला परिषद हॉल में होगी बैठक

स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक 22 अक्तूबर को सुबह 10 बजे जिला परिषद हॉल में होगी। इसमें पंचायती राज और शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले निकायों के सीएजी ऑडिट पैराग्राफ भी समीक्षा के दायरे में रहेंगे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ सुबह साढ़े नौ बजे जिला परिषद हॉल में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

समिति के सभापति विधायक संजय रत्न हैं। इसके अन्य सदस्यों में डॉ. हंस राज, सतपाल सिंह सत्ती, इंद्रदत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल, संजय अवस्थी, मलेंद्र राजन, कुलदीप सिंह राठौर और विवेक शर्मा विक्कू शामिल हैं। तैयारियों को लेकर हुई बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल, सहायक आयुक्त विनय मोदी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: •