Loading...

महिला आरक्षण और ₹1500 योजना पर कांग्रेस को घेरा, बिंदल बोले—भ्रम फैलाने की कोशिश नाकाम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और मंत्री हर्षवर्धन पर महिला आरक्षण और योजनाओं को लेकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा को महिला विरोधी बताने के आरोपों को भ्रामक बताया। साथ ही ₹1500 योजना को लेकर भी सरकार को घेरा और वादे अधूरे रहने की बात कही।

शिमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और मंत्री हर्षवर्धन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को महिला विरोधी बताना पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को 33 प्रतिशत राजनीतिक भागीदारी देने का प्रयास कर रहे हैं, तब कांग्रेस ने इसका विरोध कर अपनी मानसिकता उजागर कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जो दल महिलाओं को सत्ता में भागीदारी देने का विरोध करता है, वह उनके हितों की बात नहीं कर सकता।

प्रदेश की महिलाओं को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 28 लाख महिलाएं पिछले 42 महीनों से ₹1500 प्रतिमाह की घोषणा का इंतजार कर रही हैं। उनके अनुसार हर महिला के खाते में अब तक करीब ₹60,000 पहुंचना चाहिए था, लेकिन सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया।

डॉ. बिंदल ने महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, राशन, सीमेंट और एचआरटीसी किराए में बढ़ोतरी कर महिलाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब महिलाएं अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रही हैं, तब कांग्रेस सरकार जवाब देने के बजाय मनगढ़ंत और झूठी खबरें फैलाने में लगी है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि “फैब्रिकेटेड और मैनिपुलेटेड खबरों” के जरिए भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन प्रदेश की जनता इसे समझ रही है।अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताएं और बहनें अब सब कुछ समझ चुकी हैं और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी।