Loading...

मंडी के हटली में आबादी के पास दिखा तेंदुआ, पेड़ पर शिकार खाने का वीडियो वायरल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

मंडी जिले के हटली क्षेत्र में रिहायशी इलाके के पास एक तेंदुए ने सुअर के बच्चे का शिकार कर लिया। इसके बाद तेंदुआ शिकार को मुंह में दबाकर आम के पेड़ पर चढ़ गया और डाल पर बैठकर उसे खाता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

मंडी

स्थानीय निवासी अश्वनी शर्मा और भटेड शिव मंदिर के महंत मधुरवन के अनुसार, घटना कुछ दिन पहले सुबह करीब साढ़े पांच बजे मंदिर के पास हुई। तेंदुए ने सुअर के बच्चे पर हमला करने के बाद उसे अपना शिकार बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के मुताबिक, तेंदुआ शिकार को लेकर पास के आम के पेड़ पर चढ़ गया और काफी देर तक उसकी डाल पर बैठा रहा।

वाटर गार्ड ने मोबाइल में रिकॉर्ड की घटना

सुबह पानी की आपूर्ति सुचारू करने जा रहे एक वाटर गार्ड की नजर पेड़ की डाल पर बैठे तेंदुए पर पड़ी। उसने सतर्कता बरतते हुए मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में तेंदुए की गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुआ आबादी वाले क्षेत्र के आसपास घूम रहा है, जिससे मवेशियों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर आशंका बनी हुई है।

वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से घटना का तुरंत संज्ञान लेकर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाने और उसे आबादी से दूर खदेड़ने या रेस्क्यू करने के उचित कदम उठाने की अपील की है। स्थानीय निवासियों को विशेष रूप से सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस दौरान बच्चों और मवेशियों के लिए खतरा अधिक हो सकता है।

Related Topics: