मंडी में मां-बेटे ने निगला संदिग्ध पदार्थ, चार वर्षीय बच्चे समेत दोनों की हालत गंभीर
मंडी जिले के सिल्हासवाड़ गांव में 26 वर्षीय महिला और उसके चार वर्षीय बेटे की संदिग्ध पदार्थ के सेवन के बाद हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंडी/जोगिंद्रनगर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पंचायत जिल्हण के सिल्हासवाड़ गांव में महिला द्वारा अपने चार वर्षीय बेटे को जहरीला पदार्थ देने और फिर स्वयं उसका सेवन करने की बात सामने आई है। महिला की पहचान 26 वर्षीय जय ललिता पत्नी पवन कुमार और बच्चे की पहचान कनिष्क के रूप में हुई है। घटना के समय महिला का पति पवन कुमार काम पर गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेतों में काम करने के लिए घर से बाहर थे। उस दौरान घर में महिला और उसका बेटा मौजूद थे।
कुछ समय बाद महिला और बच्चे की तबीयत बिगड़ने की जानकारी पड़ोसियों को मिली। उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचित किया और दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया। चिकित्सकों ने वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से नेरचौक ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने सिल्हासवाड़ स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया। अस्पताल में परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी चल रही है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला और बच्चे की हालत चिंताजनक है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में दोनों ने संदिग्ध पदार्थ का सेवन किया। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।