मंडी में स्वाइन फ्लू से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में स्वाइन फ्लू से संक्रमित 70 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिले में संक्रमण के दो नए मामले सामने आने के बाद हिमाचल प्रदेश में मरीजों की कुल संख्या आठ हो गई है। स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को बुजुर्ग की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद विभागीय टीम ने उनके घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों की थर्मल स्क्रीनिंग की और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी चिकित्सा दिशा-निर्देश दिए।
मंडी/सुंदरनगर
मृतक की पहचान डडयाल गांव निवासी 70 वर्षीय महेंद्र के रूप में हुई है। वह कैंसर से पीड़ित थे और 11 अगस्त को कीमोथेरेपी कराने के लिए चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल गए थे। बताया गया है कि इस दौरान उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता काफी कमजोर हो गई थी और वह स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने शुक्रवार को डडयाल गांव में उनका अंतिम संस्कार किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को इसकी जानकारी मिली।
परिवार की स्क्रीनिंग, सावधानी बरतने की सलाह
सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मृतक के घर पहुंची और परिवार के सभी सदस्यों की थर्मल स्क्रीनिंग की। टीम ने परिजनों को संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक चिकित्सा दिशा-निर्देश भी दिए। स्वाइन फ्लू के लक्षण सामान्य वायरल बुखार जैसे हो सकते हैं, जिनमें तेज बुखार, खांसी, बलगम, शरीर में दर्द, अत्यधिक थकान, ठंड लगना और कंपकंपी शामिल हैं। लगातार छींक, तेज सिरदर्द, छाती में भारीपन और सांस लेने में कठिनाई भी इसके लक्षण हो सकते हैं।
कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वालों को अधिक खतरा
फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर उन्हें सामान्य वायरल बुखार मानकर नजरअंदाज नहीं करने और जल्द चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है। पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और मधुमेह या उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से पीड़ित लोगों में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने और लक्षण सामने आने पर समय पर चिकित्सा सहायता लेने की जरूरत बताई गई है।
