Loading...

एमएसपी बढ़ने के बावजूद गेहूं खरीद सुस्त, पांच दिन में 53.25 मीट्रिक टन ही पहुंची मंडियों में

PRIYANKA THAKUR • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

हिमाचल प्रदेश में एमएसपी बढ़ने के बावजूद गेहूं खरीद प्रक्रिया सुस्त बनी हुई है और अब तक केवल 53.25 मीट्रिक टन गेहूं मंडियों में पहुंचा है। लगातार खराब मौसम और बारिश के कारण किसान अपनी उपज मंडियों तक नहीं ला पा रहे हैं। मौसम साफ होने के बाद आवक बढ़ने और खरीद प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

नाहन

हिमाचल प्रदेश में गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के बावजूद खरीद प्रक्रिया सुस्त बनी हुई है। 8 अप्रैल से शुरू हुई खरीद के बाद सोमवार तक प्रदेश की मंडियों में मात्र 53.25 मीट्रिक टन गेहूं ही पहुंच पाई है।प्रदेश में इस बार गेहूं की अच्छी पैदावार हुई है, लेकिन लगातार बिगड़े मौसम और बारिश के चलते किसान अपनी उपज को खरीद केंद्रों तक नहीं ला पा रहे हैं। किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में मंडियों में आवक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

राज्य सरकार द्वारा इस बार गेहूं के समर्थन मूल्य में 160 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और खरीद के लिए प्रदेश के नालागढ़, बद्दी, धौला कुआं, पांवटा साहिब, कांगड़ा के रियाली, फतेहपुर, एपीएमसी रामपुर, इंदौरा और नगरोटा सहित 10 अनाज मंडियों में खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं।अब तक 582 किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है, जिनमें से 484 आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है। वहीं 268 किसानों को मंडियों में गेहूं बेचने के लिए टोकन भी जारी किए गए हैं।खरीद के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार अब तक केवल नौ किसानों ने ही अपनी उपज बेची है। इनमें छह किसानों ने 24.40 मीट्रिक टन तथा कांगड़ा के रियाली क्षेत्र में तीन किसानों ने 28.85 मीट्रिक टन गेहूं मंडियों में पहुंचाई है।

विभागीय एजेंसियों द्वारा खरीद को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं, लेकिन मौसम की प्रतिकूलता के कारण प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। किसान अपनी तैयार फसल को मौसम खुलने के बाद ही मंडियों में लाने की योजना बना रहे हैं।
अंत में कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में खराब मौसम के कारण खरीद की रफ्तार धीमी है, लेकिन जैसे ही मौसम साफ होगा, मंडियों में गेहूं की आवक तेजी से बढ़ेगी और खरीद प्रक्रिया गति पकड़ लेगी।

Related Topics: