पूर्व प्रधान नगडोली मेहताब ठाकुर पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना का विस्फोटक हमला
नगडोली पंचायत चुनाव को लेकर हरोली क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना ने प्रेस वार्ता में पूर्व प्रधान महताब ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए और पंचायत राजनीति को निजी दबदबे की लड़ाई बताया। दोनों नेताओं के आमने-सामने आने के बाद क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ऊना जिला के उपमंडल हरोली की ग्राम पंचायत नगडोली में पंचायत चुनाव अब पूरी तरह सियासी जंग में बदल चुका है। पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना ने प्रेस वार्ता कर उक्त पंचायत के पूर्व प्रधान महताब ठाकुर पर ऐसा हमला बोला कि पूरे क्षेत्र की राजनीति गर्मा गई है। ओंकार नाथ कसाना ने दो टूक शब्दों में कहा कि कुछ लोग पंचायत को अपनी जागीर समझ बैठे हैं और प्रधानी हथियाने के लिए हर हथकंडा अपनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कसाना परिवार को एनओसी न मिले, इसके लिए दबाव, षड्यंत्र और राजनीति का खेल खेला गया है।
इसके साथ ही कसाना ने महताब ठाकुर द्वारा की गई प्रेस वार्ता को “झूठ का पुलिंदा” बताते हुए कहा कि पंचायत की जनता अब उनके डर और दबाव की राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान द्वारा चुनाव जीतने के लिए बाहरी तत्वों और कथित गुंडों तक का सहारा लिया जाता रहा है, लेकिन नगड़ोली की जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।वहीं प्रेस वार्ता के दौरान कसाना पूरी तरह आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने साफ कहा कि अगर उनके या उनके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है तो उसकी सीधी जिम्मेदारी पूर्व प्रधान महताब ठाकुर और जिला प्रशासन की होगी।
कसाना ने कहा कि पंचायत चुनाव विकास और जनता की सेवा के लिए होने चाहिए, लेकिन कुछ लोगों ने इसे निजी सत्ता और दबदबे की लड़ाई बना दिया है। उन्होंने ग्राम पंचायत की जनता से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि डर और दबाव की राजनीति करने वालों को लोकतंत्र की ताकत दिखाई जाए।वहीं दोनों नेताओं के आमने-सामने आने के बाद नगड़ोली में राजनीतिक माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है। क्षेत्र में अब चर्चा इस बात की है कि चुनावी मैदान में मुद्दों से ज्यादा आरोपों और शक्ति प्रदर्शन की लड़ाई छिड़ चुकी है।