Loading...

नाहन में विधायक अजय सोलंकी ने 166 बीपीएल परिवारों की समस्याएं सुनीं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन विकास खंड के नव चयनित बीपीएल परिवारों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में विधायक अजय सोलंकी ने आठ ग्राम पंचायतों के 166 परिवारों की समस्याएं सुनीं। खंड विकास कार्यालय नाहन में हुए कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को इन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। प्रशासन के अनुसार 10 से 12 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस संवाद में क्षेत्र की 28 पंचायतों के लगभग 596 बीपीएल परिवार शामिल होंगे।

नाहन

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बीपीएल परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना और प्रदेश सरकार की विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी गरीब परिवारों तथा दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस संवाद के माध्यम से परिवारों के उत्थान और कल्याण के साथ सुधार के लिए नई योजनाएं तैयार करने में भी सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में नेहली धीड़ा, बनेठी, नावनी, पंजाहल, धगेड़ा, रामाधौण, सैन की सेर और अंबवाला सैनवाला पंचायतों के परिवार शामिल हुए।

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने अधिकारियों को बीपीएल परिवारों की आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और पेंशन से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम में नाहन विकास खंड की 28 पंचायतों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम में संबंधित परिवारों को अलग-अलग विभागों की कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि पात्र परिवार इनका लाभ उठा सकें।

विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी

स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी धगेड़ा डॉ. जयंत ने हिम केयर योजना और जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी। जिला कल्याण अधिकारी ने अंतर्जातीय विवाह योजना तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित किए जाने वाले विभिन्न शिविरों के बारे में बताया। जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस पवन कुमार ने सुख आश्रय योजना और मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना की जानकारी साझा की। पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. राजीव ने लम्पी वायरस की पहचान एवं रोकथाम, गाभिन गाय-भैंस के लिए फीड अनुदान और मुर्गी पालन योजना की जानकारी दी।

श्रम कल्याण अधिकारी पारितोष तोमर ने निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में पंचायत समिति नाहन के अध्यक्ष रमेश चंद, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी राहुल धीमान, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता प्रदीप ठाकुर और उद्योग विभाग के कार्यकारी अधिकारी मंजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा संबंधित पंचायतों के प्रधान और उपप्रधान उपस्थित रहे।

Related Topics: